पंजाब पुलिस ने बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से हैंड ग्रेनेड, पिस्तौल, मैगजीन, कारतूस और स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपियों में अर्जन सिंह उर्फ ताज उर्फ चाटू, मनप्रीत सिंह, अमजद मसीह उर्फ बैनी, साजन और बलराज सिंह शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना अर्जन सिंह उर्फ ताज उर्फ चाटू है। डीएसपी इंदरजीत सिंह ने बताया कि पांचों आरोपियों में अर्जन सिंह उम्र में सबसे छोटा है, लेकिन अपराध की दुनिया में खासा सक्रिय है।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें विदेश से नकोदर के एक दुकानदार को निशाना बनाने का टारगेट मिला था। इस वारदात के लिए उन्हें मात्र एक लाख रुपये मिलने वाले थे। पुलिस को शक है कि आरोपी सिधवां बेट क्षेत्र में भी कोई वारदात करने की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। एक मामला पुलिस पर गोली चलाने का है। पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच कर रही है। इससे विदेशी हैंडलर और उसके गैंग के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है। आरोपियों को आठ दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों के कुछ साथी और भी हैं। जिन्होंने अर्जन को हैंड ग्रेनेड व अन्य हथियार उपलब्ध करवाए हैं। पुलिस अब आठ दिनों के रिमांड दौरान एक एक लिंक तलाश करेगी।
ऐसे पकड़े गए बदमाश
सिधवां बेट के गांव जंडी में पुलिस ने एक काले रंग की स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया था। लेकिन गाड़ी चला रहे आरोपी ने कार को भगाने की कोशिश की। तभी पुलिस कर्मी ने गाड़ी के फ्रंट शीशे पर जोर से डंडा मारा, जिससे गाड़ी का सतुलंन बिंगड़ गया और वह पेड़ टकरा कर रुक गई। इसी दौरान आरोपी अमजद मसीह ने गाड़ी से उतर कर पुलिस कर्मी पर गोली चला दी। जोकि उसकी पगड़ी में जाकर लगी। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी के पैर पर गोली मारी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।