अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने तीन दिन में 301 आरोपी किए गिरफ्तार
कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने गैंगस्टर व संगठित अपराध के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत 20 से 22 जनवरी 2026 तक तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया। खुफिया जानकारी आधारित इस मुहिम का उद्देश्य अपराधियों की धरपकड़, आपराधिक नेटवर्क को तोड़ना और नशा, अवैध हथियार व शराब से जुड़े अपराधों पर रोक लगाना था।
तीन दिनों में पुलिस ने कुल 301 संदिग्धों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 134 ग्राम हेरोइन, 2,00,361 रुपये ड्रग मनी, 6 आधुनिक पिस्तौल, 6 मैगजीन, 36 जिंदा कारतूस, 25 मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, एक चाकू और 46 बोतल अवैध शराब बरामद की गई। इसके अलावा 5 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया।
पहले दिन 116, दूसरे दिन 111 और तीसरे दिन 74 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। अभियान के दौरान गैंगस्टरों के रिश्तेदारों व सहयोगियों के खिलाफ भी रोकथाम कार्रवाई की गई, जिससे संगठित अपराध को बड़ा झटका लगा।
पुलिस के अनुसार, 1 जनवरी 2025 से अब तक आर्म्स एक्ट के तहत 92 एफआईआर दर्ज कर 205 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस अवधि में 256 पिस्तौल, 10 रिवॉल्वर, 2 राइफल, 253 मैगजीन, 453 कारतूस और ₹18.75 लाख हवाला राशि बरामद की गई है।