भिवानी में आज सुबह जिला न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जब मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) को बम से उड़ाने की धमकी भरी ई-मेल मिलने की सूचना पुलिस अधीक्षक को दी गई। वीरवार सुबह करीब 11:30 बजे यह धमकी प्राप्त होने के बाद पुलिस प्रशासन ने तुरंत अलर्ट मोड पर आकर बड़े पैमाने पर सर्च अभियान शुरू कर दिया।
डीएसपी अनुप कुमार के नेतृत्व में सीआईए दोनों टीमों, सिविल लाइन पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वाड) और डॉग स्क्वायड ने जिला न्यायालय परिसर की गहन तलाशी ली। इसके बाद जिला बार एसोसिएशन कांफ्रेंस हॉल और अधिवक्ता चैंबर्स परिसर में भी छानबीन की गई। न्यायालय के सभी प्रवेश-निकास द्वारों पर आने-जाने वालों की सघन जांच-पड़ताल की गई, जबकि परिसर में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
करीब एक घंटे से अधिक समय तक चले इस सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को कोई संदिग्ध वस्तु, बम या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। डीएसपी अनुप कुमार ने बताया कि धमकी अफवाह है या वास्तविक, इसकी जांच जारी है। हम सर्च अभियान के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता कर रहे हैं। ई-मेल की ट्रेसिंग के लिए साइबर सेल सक्रिय है।