मुक्तसर स्थित बीबी सुरिंदर कौर बादल आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल ईना खेड़ा की महिला टीचर ने जहरीली दवा निगल ली, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। महिला टीचर अस्पताल में भर्ती है। महिला टीचर की पहचान पंजाबी लेक्चरर संदीप कौर के तौर पर हुई है। हालत बिगड़ने पर उन्हें मलोट के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेक्चरर ने प्रिंसिपल जगजीत कौर पर उसे परेशान करने का आरोप लगाया है।
संदीप कौर ने प्रिंसिपल पर आरोप लगाया कि प्रिंसिपल उसे दिमागी तौर पर परेशान करने के अलावा दफ्तर में बुलाकर जलील करती रहती हैं। उनकी परवरिश ठीक न होने के बारे में ताने भी मारती रहती हैं। बुधवार की सुबह आठ बजे वह स्कूल पहुंची थी। छुट्टी के समय प्रिंसिपल ने फिर लेट आने की बात कह स्पष्टीकरण मांगा। उसने प्रिंसिपल से कहा कि वह उनसे बहुत परेशान है, तो प्रिंसिपल ने उसे पांच गोलियां दे दीं और खाने के लिए कह दिया।
संदीप कौर की माता मनदीप कौर और पति सविंदर सिंह ने बताया कि संदीप कौर उन्हें घर आकर प्रिंसिपल द्वारा परेशान करने के बारे में बताती रहती है। सविंदर सिंह ने बताया कि कल जब वह प्रिंसिपल से मिलने गया तो प्रिंसिपल ने कहा कि स्कूल समय में आकर दफ्तर में बैठकर बात करो। इस संबंध में प्रिंसिपल जगजीत कौर ने कहा कि लेक्चरर संदीप कौर कल नौ बजे स्कूल आई और तीन बजे स्कूल से गई। इस दौरान कोई ऐसी बात नहीं हुई जो विवादित हो। स्कूल का माहौल बहुत अच्छा है। ऐसी घटना स्कूल समय में नहीं हुई। उधर, थाना सदर मलोट पुलिस मामले की जांच कर रही है।