पिछले कुछ समय से पत्नियों द्वारा पति की हत्या करने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। देश के अलग- अलग राज्यों से ऐसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं जिनसे देश हिल गया है। मेरठ की मुस्कान और इंदौर की सोनम द्वारा पति की हत्या की घटना ने देश तो झकझोर दिया है।
पंजाब में भी ऐसा मिलता जुलता मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने अपने प्रेमी को मारने का प्लान बनाया। युवती ने अपने नए प्रेमी के साथ मिलकर पुराने प्रेमी की हत्या की साजिश रची लेकिन गनीमत रही कि युवक की जान बच गई।
लुधियाना के हलवारा के गांव जोधां में एक युवती ने अपने नए प्रेमी के साथ मिलकर अपने पुराने प्रेमी को जान से मारने की नियत से नहर के गहरे पानी में फेंक दिया। समय रहते राहगीरों ने नहर में कूद युवक को बाहर निकाल लिया। उक्त युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। जोधां पुलिस ने पीड़ित हरकीरत सिंह की शिकायत पर युवती और उसके प्रेमी के खिलाफ खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान जसलीन कौर और जसकरन सिंह के तौर पर हुई है। दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उन्हें ढूंढ रही है।
हरकीरत सिंह ने बताया कि उसकी जसलीन कौर से इंस्टाग्राम पर लंबे समय से दोस्ती थी। दो दिन पहले जसलीन ने उसे मिलने के लिए बुलाया। जब वो जोधां पहुंचा, वहां पहले से एक स्विफ्ट कार खड़ी थी। जसलीन ने उसे बातों में उलझा कर उससे मोबाइल ले लिया। इसी दौरान कार का दरवाजा खोलकर एक युवक कार की सीट पर आ बैठा।
हरकीरत के अनुसार वह जसकरन सिंह था, जो उनके साथ स्कूल में पढ़ता था। जसलीन से जसकरन के बारे में पूछा तो उसने कहा कि दोनों की पिछले नौ माह से बातचीत चल रही थी। इसके बाद दोनों आरोपियों ने हरकीरत पर हमला कर उसे नहर में फेंक दिया। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने उसे बचा लिया। आरोपी जसलीन कौर गांव सीलोआणी और जसकरन सिंह गांव जट्टपुरा का निवासी है। थाना जोधा के एएसआई काबल सिंह के अनुसार पुलिस दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।