तरनतारन के ऐतिहासिक शहर चोहला साहिब के मेन बाजार में ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष भूपिंदर नैयर पर बाइक सवार दो लोगों ने गोलियां दाग दी। वारदात सुबह साढे़ दस बजे उस समय हुई, जब दिवाली के मौके पर लोग बाजार में खरीदारी करने जुटे थे। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फायरिंग से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
कस्बा चोहला साहिब में बिल्डिंग मैटीरियल का कारोबार करने वाले भूपिंदर नैयर ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। श्री कृष्णा गोशाला के पास वह दुकान पर बैठे थे। बाइक पर सवार दो लोग आए। निहंग के पहरावे वाले युवक ने पीले रंग के कपड़े से अपना चेहरा ढका हुआ था। वह बाइक स्टार्ट करके खड़ा रहा। उसके साथी (सफेद रंग के कपड़े से चेहरा ढके) ने पिस्टल से भूपिंदर नैयर पर तीन गोलियां दागीं, लेकिन फायर मिस हो गया। इसके बाद दोनों बाइक पर फरार हो गए। घटना के 40 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि वारदात स्थल से थाने की दूरी मात्र 50 मीटर की है। थाना प्रभारी बलजिंदर सिंह को भूपिंदर नैयर ने बताया कि एक वर्ष पहले गैंगस्टरों ने उनसे रंगदारी मांगी थी। डीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान की जा रही है।