जमीन पर पड़ा मृतक और उसकी फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद
जालंधर के करतारपुर सिविल अस्पताल सोमवार की देर शाम एक व्यक्ति ने सरेआम दो महिलाओं पर गोलियां चला दी थी। इस घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति ने अपनी सास और पत्नी पर फायरिंग की थी। उक्त व्यक्ति ने बुधवार को खुद को भी गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सुखचैन सिंह उर्फ सुक्खा (48) निवासी इंद्र विहार कॉलोनी कपूरथला के तौर पर हुई है।
वहीं थाना करतारपुर में सुखचैन सिंह के खिलाफ 307 का केस दर्ज है। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। डीएसपी सब-डिवीजन कपूरथला दीपकरण सिंह ने बताया कि थाना सिटी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार सुखचैन सिंह उर्फ सुक्खा का अपनी पत्नी ज्योति से झगड़ा चल रहा था। वह कई दिनों से करतारपुर में मायके गई हुई थी। कुछ दिन पहले सुखचैन सिंह ने अपने ससुराल जाकर पत्नी के साथ मारपीट भी की थी। इसके चलते थाना करतारपुर में उसके खिलाफ मामला भी दर्ज हुआ था। पुलिस उसे ढूंढ रही थी। पुलिस की धरपकड़ से बचने के लिए वह इधर-उधर घूम रहा था। इसी के चलते बुधवार दोपहर को सुखचैन सिंह ने अपने घर के नजदीक खाली प्लॉट में जाकर खुद को गोली मार ली। मृतक सुखचैन के दो लड़के भी हैं।
पीसीआर इंचार्ज चरणजीत सिंह खेड़ा और थाना सिटी की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पिस्टल भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी सब-डिवीजन दीपकरण सिंह भी मौके पर पहुंचे। डीएसपी बताया कि मृतक अपनी पत्नी से चल रहे झगड़े के चलते डिप्रेशन में था। इसी कारण उसने ने खुद को गोली मारी है। वहीं प्राथमिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि जिस पिस्टल से उसने गोली मारी, वह अवैध है।
काबिले गौर हो कि ज्योति का मायका करतारपुर के गांव ब्रह्मपुर में है। ज्योति का पति सुखचैन सिंह उससे मारपीट करता था। मारपीट के कारण ही वह सिविल अस्पताल करतारपुर में उपचाराधीन थी। सोमवार शाम ज्योति की मां कुलविंदर कौर उसके साथ मौजूद थी, तभी उसका सुखचैन सिंह सिविल अस्पताल पहुंचा और पिस्तौल से सास और पत्नी पर फायरिंग कर दी। सिर में गोली लगने से ज्योति की मां कुलविंदर कौर घायल हो गई थी।