पंजाब के फिरोजपुर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर बसे गांव का किसान लापता हो गया। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की बीओपी राणा पोस्ट के पास फेंसिंग पर लगे गेट नंबर-223 पार किसान खेती करने के लिए गया था, जो लापता हो गया। परिजनों का आरोप है कि उनके बेटे को पाकिस्तानी रेंजर्स उठाकर ले गए हैं। इस संबंधी बीएसएफ ने पाक रेंजर्स के साथ फ्लैग मीटिंग की, उसमें पाक रेंजर्स ने कहा उनके पास किसान नहीं है। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि किसान को जमीन निगल गई या आसमान खा गया।
नियमानुसार फेंसिंग पार जाते समय बीएसएफ किसानों का पहचान पत्र गेट पर जमा कर लेती है और वापस लौटने पर ही देती है। उक्त किसान फेंसिंग पार से लौटा नहीं है और पहचान पत्र बीएसएफ के पास ही है। इससे साफ जाहिर होता है कि पाक रेंजर्स किसान को उठाकर ले गए हैं।
लापता किसान अमृतपाल सिंह के पिता जगराज सिंह वासी खैरेके उताड़ ने बताया कि उनके पास लगभग साढ़े आठ एकड़ जमीन है, जो बीओपी राणा पोस्ट और गेट नंबर-223 के अधीन, तारबंदी के भीतर स्थित है। वे पिछले दो दशकों से भी ज्यादा समय से इस जमीन पर खेती कर रहे हैं। 21 जून की दोपहर करीब 12 बजे उनका बेटा अमृतपाल सिंह खेत में काम करने गया था। बेटा पहचान पत्र जमा करा कर गेट पार खेतों में गया था। शाम को वहां से लौटा नहीं है।
बीएसएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन, नहीं लगा सुराग
बीएसएफ ने अमृतपाल की खोज के लिए फेंसिंग पार खेतों में लंबी सर्च चलाई लेकिन कोई सुराग नहीं लगा है। खेतों की मिट्टी में अमृतपाल के पैरों के निशान पाकिस्तान की ओर जाते दिखे हैं। घटना वाले दिन रात करीब 11 बजे तक बीएसएफ के कमांडेंट स्तर के अधिकारी पाकिस्तान रेंजर्स से संपर्क कर रहे थे, लेकिन ज्यादा देर होने के कारण संपर्क नहीं हो पाया। अगले दिन करीब शाम 4 बजे भारत-पाक अधिकारियों के बीच फ्लैग मीटिंग हुई। उसके बाद बीएसएफ ने परिवार को सूचित किया कि अमृतपाल पाकिस्तान गया है, पर पाक रेंजर्स के अनुसार उन्हें ऐसा कोई व्यक्ति नहीं मिला।
सुनील जाखड़ ने फोन पर परिवार से की बात
जगराज ने बताया कि बीएसएफ के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल और अन्य सीनियर अधिकारी लगातार पाकिस्तान रेंजर्स से संपर्क में हैं लेकिन अभी तक उनके बेटे का कोई सुराग नहीं लगा है। उधर, पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने फोन पर परिवार से बात की और पूरा मामला केंद्रीय गृह मंत्रालय के ध्यान में लाकर हर जरूरी कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
यह भी पढ़ें :
Punjab: क्रेटा ने बाइक को मारी टक्कर... पिता-पुत्र को 20 मीटर तक घसीटा, टांग कटकर अलग हुई, दोनों की मौके पर मौत