सरकारी अस्पताल में दाखिल किसान
- फोटो : संवाद
खन्ना के नसराली गांव में एक किसान के साथ मारपीट और लूटपाट की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। गांव निवासी किसान गुरजंट सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 2 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे जब वह अपनी जमीन से बाहर निकल रहा था, तभी कुछ लोगों ने उस पर अचानक हमला कर दिया।
गुरजंट सिंह ने बताया कि हमलावरों ने उसे बुरी तरह पीटा और उससे मोबाइल फोन, सोने की चेन और करीब 4,500 रुपये समेत पर्स छीन लिया। हमलावरों में उसके पड़ोसी बलवीर सिंह उर्फ फौजी, बलजीत कौर, अवतार सिंह, नेत्र सिंह, हरजिंदर सिंह सहित 6-7 अज्ञात व्यक्ति शामिल थे। सभी ने मिलकर उसे हथियारों से मारा और लूटपाट की। घटना के बाद आरोपी अपनी गाड़ियों में बैठकर फरार हो गए।
गुरजंट सिंह ने बताया कि जाते-जाते हमलावरों ने उसे धमकी दी कि अगर आज बच गया तो अगली बार जान से मार देंगे। किसान के अनुसार, यह पूरा झगड़ा जमीन के विवाद को लेकर चल रही पुरानी रंजिश का नतीजा है।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना खन्ना की पुलिस मौके पर पहुंची और किसान के बयान पर एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तुरंत शुरू कर दी गई है। इलाके में आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा चुकी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।