फरीदकोट पुलिस ने 4 किलो 804 ग्राम हेरोइन के साथ सैन्य कर्मी समेत छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। उक्त गिरोह का पाकिस्तान आधारित तस्करों के साथ संपर्क है। आरोपी ड्रोन से हेरोइन मंगवा कर उसे आगे सप्लाई करते थे।
आरोपियों की पहचान अमरदीप सिंह उर्फ बॉक्सर और डिंपल रानी (जिला फिरोजपुर), रमणदीप कौर, सरबजीत सिंह उर्फ सब्बा और अमृतपाल सिंह उर्फ अभिजोत (जिला मोगा) तथा जरनैल सिंह उर्फ गोल्डी (जिला लुधियाना) के रूप में हुई है। अमरदीप पंजाब आर्म्ड पुलिस का बर्खास्त कर्मचारी है। जरनैल सिंह सैन्य कर्मी है जो इन दिनों छुट्टी पर आया हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन के अलावा 30 हजार रुपये ड्रग मनी, एक पिस्टल और तीन कारतूस बरामद किए हैं। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही थार और एक्सयूवी-500 गाड़ी भी जब्त की गई है।
एसएसपी फरीदकोट डॉ. प्रज्ञा जैन ने बताया कि 20 फरवरी की रात सीआईए स्टाफ ने ग्रीन एवेन्यू रोड पर खड़ी एक संदिग्ध थार गाड़ी को रोककर तलाशी ली। डीएसपी तरलोचन सिंह की निगरानी में तलाशी के दौरान गाड़ी से 1 किलो 8 ग्राम हेरोइन और 30 हजार रुपये ड्रग मनी बरामद हुई। थार सवार चार आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह खेप अमरदीप सिंह उर्फ बॉक्सर ने एक्सयूवी-500 के जरिये सप्लाई की गई थी जिसके बदले 2 लाख 60 हजार रुपये दिए गए थे। बाद में पुलिस ने पीछा कर अमरदीप और डिंपल रानी को गांव गोलेआणा सेम नाला के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनकी गाड़ी से 3 किलो 796 ग्राम हेरोइन, पिस्टल और तीन कारतूस बरामद हुए।
एसएसपी ने बताया कि पकड़ा गया गिरोह पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में था। मुख्यारोपी बॉक्सर के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी समेत नौ मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों पर भी तीन मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।