चंडीगढ़ में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि पुलिस बीट बॉक्स के सामने ही गन पॉइंट पर कार लूट की वारदात को अंजाम दे दिया गया। सेक्टर-46 में वीरवार देर रात करीब 11:30 बजे दो हथियारबंद युवकों ने एक व्यक्ति को रोककर उसकी स्विफ्ट कार लूट ली और मौके से फरार हो गए। वारदात पुलिस बीट बॉक्स से महज कुछ दूरी पर मुख्य सड़क पर हुई। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-34 थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार में बैठते ही कनपटी पर तान दी पिस्तौल
पुलिस को दी शिकायत में मनोज ने बताया कि वह किसी काम से सेक्टर-46 आया था। उसने अपनी वर्ष 2010 मॉडल स्विफ्ट कार पुलिस बीट बॉक्स के पास खड़ी की थी। रात करीब 11:30 बजे वह कार लेकर वहां से निकलने लगा तो मुख्य सड़क पर दो युवक उसके सामने आ गए और उसे रोक लिया। इसी दौरान एक युवक अचानक कार के अंदर बैठ गया और उसकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी। वहीं, दूसरे युवक ने धमकाते हुए कहा कि अगर जान की सलामती चाहते हो तो कार उनके हवाले कर दो। हथियार देखकर घबराए मनोज ने कार छोड़ दी और बाहर निकल आया। इसके बाद दोनों आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गए।
राहगीर की मदद से सेक्टर-45 तक किया पीछा
पीड़ित के मुताबिक, वारदात के बाद उसने एक राहगीर को रोका और उसे पूरी घटना बताई। इसके बाद आरोपियों का सेक्टर-45 तक पीछा भी किया, लेकिन दोनों बदमाश हाथ नहीं आए। आरोपियों के फरार होने के बाद पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश...
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित की शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू की। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान के संबंध में सुराग मिल सके। फिलहाल दोनों आरोपियों की पहचान और लूटी गई कार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।