ये गैंगस्टर कराए डिपोर्ट
पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने ऑफटेक (ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सैल), केंद्रीय गृह व विदेश मंत्रालय की मदद से आठ गैंगस्टरों को डिपोर्ट करवाया है। इनमें यूएई से विक्रम सिंह बराड़, अजरबैजान से सचिन थापन, फिलीपींस से मनप्रीत सिंह ऊर्फ पीटा व मनदीप सिंह, हांगकांग से रमनजीत सिंह ऊर्फ रम्मी, यूएसए से अनमोल बिश्नोई, अर्मेनिया से सुखदेव सिंह व कजाखस्तान से भूवेश चोपड़ा शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक अब भी 61 गैंगस्टर विदेशों में सक्रिय हैं। इनमें 21 के खिलाफ रेड और 8 के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी हो चुका है, जबकि 9 के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस की तैयारी है। पंजाब में इस समय आठ गैंग सक्रिय हैं।
इन गिरोहों का हुआ गठजोड़
जांच में यह भी सामने आया है कि बंबीहा गैंग के प्रभ दासूवाल, जोबन कलेर और अजय पाल डेनी ने गोपी घनश्यामपुरिया के साथ गठजोड़ किया है। वहीं जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े कुनाल महाजन उर्फ केशव शिवाला ने विदेश में नया नेटवर्क खड़ा किया है।
आईएसआई का बढ़ रहा दखल
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क में आईएसआई की भूमिका भी सामने आ रही है। आतंकियों, गैंगस्टरों और नशा तस्करों का गठजोड़ राज्य की सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। ड्रोन के जरिए हैंड ग्रेनेड, पिस्तौल, आईईडी, राइफल और आरडीएक्स तक भेजे जा रहे हैं।
पंजाब पुलिस ने 21 जनवरी से ऑपरेशन प्रहार शुरू कर रखा है। इसके तहत जारी हेल्पलाइन पर 67 दिनों में 590 इनपुट मिले हैं। इनमें नशा तस्करी, हथियार तस्करी, गैंगस्टर गतिविधियां, रंगदारी और धमकियों से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि लोगों की जागरूकता बढ़ रही है और कई मामलों में कार्रवाई भी की जा रही है।