फगवाड़ा में जीटी रोड पर चिकन की दुकान के बाहर गाड़ी में बैठकर एक व्यक्ति निहंग सिंह का बाणा पहन कर शराब पी रहा था। पता लगने पर फगवाड़ा के निहंग सिंहों द्वारा जमकर हंगामा किया गया।
देर रात फर्जी निंहग सिंह एक महिला के साथ चिकन खा रहा था और शराब पी रहा था। इस मामले की जानकारी जैसे ही फगवाड़ा सिख जत्थेबंदियों को मिली तो वह तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे। इस दौरान कथित निहंग सिंह ने उनके साथ हाथापाई की और किरपान निकाल पर उन पर हमला करने की कोशिश की।
मामले की जानकारी देते हुए सिख जत्थेबंदी के हैप्पी ने बताया कि उन्हें किसी ने फोन पर सूचित किया कि फगवाड़ा जीटी रोड पर एक चिकन दुकान के बाहर एक स्कार्पियो गाड़ी खड़ी है। जिसके ऊपर तरना दल दोआबा निहंग सिंह जत्थेबंदी का नाम लिखा हुआ है। उस गाड़ी में एक बाणाधारी आदमी एक महिला के साथ मीट और शराब का सेवन कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जब वे जीटी रोड पर चिकन की दुकान पर पहुंचे तो उक्त कथित निहंग एक महिला के साथ गाड़ी में बैठा था। जब उसे पकड़ने लगे तो उसने उन पर तलवार से हमला करने की कोशिश की। बाद में उसने नकली पिस्ताैल निकाल उनको डराने की कोशिश की तो लोगों ने उससे किरपान और पिस्टल का कवर छीन लिया। जिसमें उसने एक तेजधार चाकू रखा हुआ था।
मौके पर सिख जत्थेबंदी के लोगों ने उसका नीले रंग का चोला उतरवाया और छोटी किरपान को भी उतरवाया।
वहां पर मौजूद लोगों ने काफी समय तक उसको गाड़ी में ही बिठा कर रखा। आरोपी कथित निहंग ने अपनी पहचान सुरिंदर सिंह निवासी जिला होशियारपुर के रूप में बताई तथा अपनी गलती की माफी भी मांगी। महिला के बारे में पूछने पर उसने उसे अपनी रिश्तेदार बताया। देर रात 11 बजे तक चिकन की दुकान के बाहर हंगामा होता रहा।
वहां मौजूद लोगों ने थाना सिटी पुलिस की एसएचओ ऊषा रानी को फोन किया उन्होंने एसआई दर्शन सिंह भट्टी को मौके पर भेजा और दर्शन सिंह आरोपी को सिटी थाने ले गया। सिख जत्थेबंदी के लोगों ने उस पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है ताकि आगे से कोई सिखों का बाणा पहन इसका निरादर न कर सके।