दिल्ली के भाजपा नेता प्रवेश वर्मा के बयान को लेकर विवाद हो गया है। इसे लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भारतीय जनता पार्टी पर सियासी हमला बोला है।
मान ने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है। यहां हर राज्य से लोग आते हैं। हर प्रदेश के नंबर की गाड़ियां चलती हैं। किसी भी राज्य के नंबर की गाड़ियां देश के किसी भी हिस्से में जा सकती हैं, इस पर कोई रोक टोक नहीं है। भाजपा नेता का बयान बेहद चिंताजनक और पंजाबियों के लिए अपमानजनक है। मान ने कहा कि भाजपा नेता पंजाब के नंबर की गाड़ियों को चिह्नित करके कह रहे हैं कि दिल्ली में पंजाब की गाड़ियां क्यों घूम रही हैं। वे ऐसे कह रहे हैं जैसे पंजाबी देश की सुरक्षा के लिए खतरा हैं। ये मेरे और देश के हर पंजाबी के लिए बेहद अपमानजनक है। आज हर पंजाबी बेहद पीड़ा और अपमान महसूस कर रहा है।
मान ने सियासी हमला बोलते हुए कहा कि गृहमंत्री अमित शाह न देश के बॉर्डर को सुरक्षित रख पा रहे हो और न ही दिल्ली को। इतने हजारों बांग्लादेशी और रोहिंग्या पूरे देश में आ रहे हैं, उनसे इन्हें दिक्कत नहीं है, लेकिन पंजाब से दिल्ली आने वाले पंजाबियों को आप देश के लिए खतरा बोल रहे हैं। भाजपा को पंजाबियों से माफी मांगनी चाहिए।