पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को कनाडा, विशेष रूप से ब्रिटिश कोलंबिया के साथ व्यापारिक संबंधों को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर जोर दिया। स्वास्थ्य क्षेत्र में कनाडाई कंपनियों के लिए पंजाब में खासी संभावनाएं हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा और जीवन विज्ञान के क्षेत्र में फार्मास्यूटिकल्स, मेडिकल उपकरणों और टेलीमेडिसिन में कनाडाई कंपनियों के लिए पंजाब में अपार अवसर हैं। नवीकरणीय ऊर्जा दोनों क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण है और पंजाब सोलर पार्कों तथा बायो-एनर्जी परियोजनाओं में संयुक्त उपक्रमों का स्वागत करता है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने अन्य मंत्रियों के साथ एक निजी होटल में ब्रिटिश कोलंबिया के प्रीमियर डेविड एबी से मुलाकात की।
सीएम ने कहा कि कनाडा हमेशा भारत और पंजाब के लिए एक मजबूत साझेदार रहा है। पंजाब की आर्थिक क्षमताओं को उजागर करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा पंजाब एग्रो-प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, इंजीनियरिंग उपकरण, आईटी सेवाओं और नवीकरणीय ऊर्जा में अग्रणी है। मजबूत बुनियादी ढांचे और अंग्रेजी भाषा में दक्ष कुशल कार्यबल के साथ, पंजाब कनाडाई निवेशकों के लिए एक आदर्श गंतव्य के रूप में उभरा है।
मान ने कहा कि सतत कृषि, खाद्य सुरक्षा और ग्रीनहाउस तकनीकों में ब्रिटिश कोलंबिया की दक्षता, कृषि के आधुनिकीकरण से जुड़े पंजाब के लक्ष्यों के अनुरूप है। शिक्षा और कौशल विकास एक और महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जहां अनुसंधान और व्यावसायिक प्रशिक्षण में कनाडाई विश्वविद्यालयों के साथ साझेदारी से परिवर्तनकारी बदलाव लाया जा सकता है। सीएम के साथ मंत्री अमन अरोड़ा, कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, इन्वेस्ट पंजाब के सीईओ अमित ढाका समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।
कनाडा की विशेषज्ञता पंजाब के लिए अहम
निर्माण और व्यापार पर मान ने कहा, निर्माण और इंजीनियरिंग एक और उच्च-संभावना वाला क्षेत्र है। कृषि मशीनरी और स्वच्छ इंजीनियरिंग में कनाडा की विशेषज्ञता पंजाब के औद्योगिक क्लस्टरों के लिए महत्वपूर्ण सिद्ध हो सकती है। पंजाब के निर्यात होने वाले कृषि उत्पाद जैसे गेहूं, चावल, किन्नू, लीची और प्रोसेस्ड फूड उत्पाद कनाडाई बाजार में अत्यधिक मांग में हैं, जिन्हें वहां रहने वाले भारतीय प्रवासी समुदाय का मजबूत समर्थन मिल रहा है। कनाडाई कंपनियां उच्च-गुणवत्ता वाले टेक्सटाइल और परिधान उद्योग विकसित करने के लिए पंजाब के साथ साझेदारी कर सकती हैं, जो उनके फैशन और रिटेल क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
पंजाब निवेशक सम्मेलन का दिया न्योता
कनाडा को प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन में साझेदार देश के रूप में आमंत्रित करते हुए मान ने प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन 2026 में विशेष व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल, क्षेत्रीय सत्र और उच्च-स्तरीय गोलमेज सम्मेलन शामिल होंगे, जो व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को और सुदृढ़ करेंगे। अग्रणी कनाडाई विश्वविद्यालयों को मोहाली में परिसर स्थापित करने की संभावनाओं की तलाश करने का भी निमंत्रण दिया।
रिश्ता मजबूत होना चाहिृ- डेविड
ब्रिटिश कोलंबिया के प्रीमियर डेविड एबी ने कहा कि पंजाब द्वारा की गई मेहमाननवाजी ने यादगार बना दिया है। पंजाब हमेशा ब्रिटिश कोलंबिया में बसे पंजाबियों के दिलों में बसता है और हमारे लोगों के बीच यह रिश्ता और मजबूत होना चाहिए। हम पंजाब के साथ व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने के इच्छुक हैं और कौशल विकास, ऊर्जा तथा अन्य क्षेत्रों में आपसी आदान-प्रदान के अवसरों की तलाश करेंगे।