बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज
- फोटो : वीडियो ग्रैब
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद बरनाला में शहर की सफाई को लेकर बुधवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। नगर निगम द्वारा शहर में लगे कूड़े के ढेर हटाने के लिए सफाई अभियान शुरू किया लेकिन हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने इसका विरोध किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक, धक्का-मुक्की और झड़प हो गई। कर्मचारियों का आरोप है कि पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज की जिससे कई सफाई कर्मचारी घायल हो गए।
कई दिनों से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी
बरनाला में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पिछले कई दिनों से जारी है, जिसके कारण शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। मानसून के मौसम में बढ़ते संक्रमण के खतरे को देखते हुए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने शहर की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत नगर निगम ने सफाई अभियान शुरू किया, लेकिन हड़ताली कर्मचारियों ने इसका विरोध करते हुए प्रदर्शन किया।
एसडी कॉलेज के सामने स्थिति उस समय अधिक तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और लाठीचार्ज किया, जबकि पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
सफाई कर्मचारी नेताओं ने कहा कि नियमितीकरण सहित उनकी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। उनका आरोप है कि सरकार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक हड़ताल जारी रहेगी और सफाई कार्य शुरू नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
डीएसपी सतबीर सिंह ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखना और हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप शहर में सफाई कार्य सुनिश्चित कराना है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए सफाई बेहद जरूरी है। पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास कर रही है।
नगर निगम अधिकारी हरप्रीत सिंह ने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देशों पर शहर की सफाई शुरू करवाई गई थी, लेकिन हड़ताली कर्मचारियों द्वारा सफाई कार्य में बाधा डाली जा रही है। वहीं, मेयर हसनप्रीत भारद्वाज ने कहा कि कर्मचारियों की अधिकांश मांगें मान ली गई हैं, जबकि कुछ मामले कोर्ट में विचाराधीन होने के कारण तत्काल पूरे नहीं किए जा सकते। उन्होंने कर्मचारियों से जनहित और बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए सफाई अभियान में सहयोग करने की अपील की।
फिलहाल शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन और हड़ताली सफाई कर्मचारियों के बीच गतिरोध बना हुआ है। प्रशासन हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार सफाई व्यवस्था बहाल करने में जुटा है जबकि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने पर अड़े हैं। अब सभी की निगाहें प्रशासन और कर्मचारी संगठनों के बीच होने वाली संभावित वार्ता पर टिकी हैं।