श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने कुछ दिन पहले कथित विवादित वीडियो के संबंध में फॉरेंसिक रिपोर्टों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ हुकमनामा जारी किया था। सीएम ने वीडियो को फर्जी बताते हुए आरोपों को खारिज किया था।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से जुड़े कथित विवादित वीडियो को क्लीन चिट देने के लिए फर्जी फॉरेंसिक रिपोर्ट तैयार कराने के आरोप में गुरुग्राम पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है।
विज्ञापन
डीएलएफ सेक्टर-29 थाना में दर्ज प्राथमिकी के बाद अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने कथित षड्यंत्र के तहत वीडियो को लेकर फर्जी फॉरेंसिक एवं साइबर विश्लेषण रिपोर्ट तैयार करवाई।
पंजाब में गरमाई सियासत
वहीं अब इस पर पंजाब में एक बार फिर सियासत गरमा गई है। अकाली भाजपा सरकार में पूर्व मंत्री रहे बिक्रम सिंह मजीठिया ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की वीडियो से जुड़ी फर्जी फोरेंसिक रिपोर्ट तैयार करने के मामले में गुरुग्राम में एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अरुण महेंद्रू और अंकित को नामजद किया गया है।
मजीठिया के अनुसार एफआईआर में पंजाब सरकार के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत का भी उल्लेख है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा पहले करवाई गई जांच को गलत साबित करने के लिए कथित रूप से फर्जी रिपोर्ट तैयार की गई। उन्होंने कहा कि सच्चाई जल्द सामने आएगी।
विज्ञापन
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मजीठिया ने कुछ सीसीटीवी फुटेज और व्हाट्सएप चैट का हवाला देते हुए दावा किया कि इसमें एक वरिष्ठ अधिकारी की भूमिका और भुगतान से जुड़ी जानकारी सामने आई है। हालांकि इन दस्तावेजों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।