पटियाला में महिला तस्कर का घर गिराया
पटियाला पुलिस ने वीरवार को नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी और अनोखी कार्रवाई करते हुए रोड़ी कुट्ट मोहल्ले में महिला नशा तस्कर रिंकी पत्नी स्वर्गीय बलबीर सिंह की ओर से नशे की कमाई से बनाए गए दो-मंजिला अवैध घर को जेसीबी मशीनों की मदद से ढहा दिया।
इस कार्रवाई की निगरानी एसएसपी डॉ. नानक सिंह ने स्वयं मौके पर खड़े होकर की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों और डीजीपी. गौरव यादव की अगुवाई में नशा तस्करों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। डॉ. नानक सिंह ने बताया कि रिंकी के खिलाफ वर्ष 2016 से अब तक करीब 10 मामले नशा तस्करी के दर्ज हुए हैं। रिंकी ने प्राचीन वामन अवतार मंदिर की जमीन पर अवैध कब्जा कर यह घर बनाया था, जिसे प्रशासनिक आदेशों के तहत ध्वस्त किया गया है।
एसएसपी ने बताया कि रोड़ी कुट्ट मोहल्ले में नशा तस्करी की काफी शिकायतें मिल रही थीं और रिंकी नशा तस्करी में सक्रिय थी। उसने नशा तस्करी के जरिए कमाए गए पैसों से ही यह अवैध घर बनाया था। उन्होंने बताया कि रिंकी पहले भी 10 बार गिरफ्तार हो चुकी है, लेकिन फिलहाल फरार है। उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत पटियाला पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।
नशे के मामले में लिप्त दंपती के घर पर चला बुलडोजर
रोपड़ के सदावर्त मोहल्ला में पुलिस और सिविल प्रशासन ने कार्रवाई करने का दावा करते हुए नशे के कारोबार में लिप्त एक दंपती के मकान को जेसीबी मशीन से गिरा दिया। एसएसपी गुलनीत सिंह खुराना ने बताया कि सदावर्त मोहल्ला निवासी आशा और उसके पति आमिर खान के खिलाफ नशे के तीन मामले में केस दर्ज हैं। इसके आधार पर उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
उन्होंने माना कि हालांकि, उनसे कोई व्यापारिक रिकवरी नहीं हुई है, लेकिन वे नशे के कारोबार में लिप्त हैं और नशा कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान डीसी हिमांशु जैन ने भी कहा कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों की जहां संपत्तियां खंगाली जा रही हैं, वहीं नशा मुक्ति केंद्रों को भी मजबूत किया जा रहा है।