पंजाब के फिरोजपुर में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का जवान पूर्णम कुमार साहू पाकिस्तान की हिरासत में है। बीएसएफ कांस्टेबल पीके साहू को आज छह दिन हो चुके हैं, लेकिन पाकिस्तानी रेंजर्स उसे छोड़ने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में अब पीके साहू की पत्नी आज (मंगलवार) को फिरोजपुर पहुंच गई है। पति के लिए तड़प रही पत्नी रजनी साहू गर्भवती है और वह अपने एक बच्चे और कुछ रिश्तेदारों के साथ पंजाब आई है। सूत्रों का दावा है कि रजनी साहू फिरोजपुर में बीएसएफ के अधिकारियों से मिलकर पति को छुड़वाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी लेगी।
इससे एक दिन पहले सोमवार को रजनी साहू पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से चंडीगढ़ हवाई अड्डे पहुंची। पूर्णम कुमार साहू को पाकिस्तान रेंजर्स ने 23 अप्रैल (बुधवार) को पंजाब के फिरोजपुर जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने के बाद हिरासत में लिया था।
पहलगाम हमले के बाद बौखलाया पाकिस्तान
पहलगाम हमले के बाद भारत के रूख से बौखलाए पाकिस्तान के सैनिकों ने सीमा से चार फीट भीत गए बीएसएफ जवान पीके साहू को पकड़ लिया था। छह दिन बीत जाने के बाद भी जवान को रिहा नहीं किया गया। बीएसएफ की ओर से लगातार बैठक के बाद भी जवान को अब तक नहीं छोड़ा गया है। बीएसएफ जवान की पत्नी रजनी अपने पति के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अब अधिकारियों से मिलने पठानकोट और फिरोजपुर आ रही है। बीएसएफ जवान की पत्नी रजनी मंगलवार को फिरोजपुर पहुंचेगी। अधिकारियों की मानें तो बीएसएफ जवान की पत्नी और उनके परिवार के लोग साथ आ रहे हैं, उन्हें मौके पर उनकी मुलाकात वरिष्ठ अधिकारियों से कराई जाएगी।
बॉर्डर से सटे गांवों में बीएसएफ ने बढ़ाई गश्त
भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांवों में बीएसएफ ने गश्त तेज कर दी है। वहीं, अनाउंसमेंट के जरिये लोगों को अलर्ट रहने के लिए भी कहा जा रहा है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के संबंधों में खटास के चलते गुरदासपुर के बॉर्डर क्षेत्र में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है, क्योंकि वहां बीएसएफ ने गुरुद्वारों में पाठी के जरिये अनाउंसमेंट करवानी शुरू कर दी है कि फेंसिंग के पार लगी फसल दो दिन के भीतर कटवा ली जाए और सभी लोग अलर्ट रहें।