ताजपुर रोड पर स्थित इंडियन ऑयल के एक पेट्रोल पंप पर रविवार की सुबह एक नौजवान का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना का पता उस समय चला जब पेट्रोल पंप पर काम करने वाले मुलाजिम आए। जब वह बाथरुम में जाने लगे तो अंदर युवक मृत पड़ा था। वहां मौजूद मुलाजिमों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन सात की पुलिस मौके पर पहुंच गई। आशंका जताई जा रही है कि नशे की ओवरडोज की वजह से युवक की मौत हुई है। मृतक की पहचान तो नहीं हो सकी, लेकिन मृतक की उम्र करीब 35 साल बताई जा रही है। पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना डिवीजन नंबर-7 के अंतर्गत आने वाले इस पेट्रोल पंप के संचालक जसवीर सिंह के मुताबिक उक्त युवक शनिवार की देर रात शौचालय के भीतर गया था। अगले दिन रविवार की सुबह जब पंप के करिंदों ने इस्तेमाल के लिए बाथरुम की कुंडी खोलने का प्रयास किया तो वह अंदर से लॉक मिला। कर्मचारियों द्वारा काफी देर तक द्वार खटखटाने के बावजूद जब अंदर से किसी तरह की हलचल नहीं हुई, तो उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया।