जालंधर में घर से दवाई लेने निकला युवक वापस नहीं लौटा। घर पर उसके मौत की खबर पहुंची तो कोहराम मच गया। रोड मोहल्ला निवासी विकास (35) की लाश शहनाई पैलेस के पास खून से लथपथ मिली। घटना के बाद परिवार ने लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से केस दर्ज करने की मांग की है, जबकि पुलिस इसे प्रथम दृष्टया सड़क हादसा बता रही है।
मृतक के बड़े भाई प्रकाश के अनुसार, विकास शनिवार शाम भार्गव कैंप इलाके में दवाई और चश्मा लेने गया था, लेकिन रात तक घर नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद परिवार ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना डिवीजन-5 के प्रभारी यादविंदर सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि शहनाई पैलेस के पास एक युवक गंभीर रूप से घायल पड़ा है। पुलिस टीम ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि परिवार को बयान दर्ज कराने के लिए दो बार बुलाया गया, लेकिन वे अब तक नहीं पहुंचे हैं। फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।