भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार बिक्रम मजीठिया को आज मोहाली कोर्ट में पेश किया गया। मजीठिया की विजिलेंस रिमांड कोर्ट ने 4 दिन बढ़ा दी है। विजिलेंस के नए सबूतों और जांच के आधार पर रिमांड बढ़ाई गई है। विजिलेंस ने कोर्ट के सामने कई बड़े खुलासे किए। विजिलेंस ने कोर्ट को बताया कि उन्हें बड़े पैमाने पर अवैध सम्पत्ति की जानकारी मिली है। मजीठिया से इन सब मामलों पर विजिलेंस आगे पूछताछ करेगी। इस दाैरान अंब साहिब गुरुद्वारे में अकाली समर्थक मीटिंग करने पहुंचे।
कोर्ट में पेश किए नए सबूत- सरकारी वकील
अकाली दल नेता बिक्रम मजीठिया ने कथित ड्रग मामले में कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें अदालत ने चार दिन के अतिरिक्त रिमांड पर भेजा है। विजिलेंस के सरकारी वकील प्रीतइंदर पाल सिंह ने कहा कि हमने इस मामले में कोर्ट के सामने नए सबूत पेश किए और कोर्ट ने मजीठिया को चार दिन के अतिरिक्त रिमांड पर भेजा है। हमें 402 हेक्टेयर जमीन की बिक्री की तारीख के बारे में पता चला और हमारे पास बिक्री की तारीख की प्रतियां हैं, जिसमें दिखाई गई जमीन 402 हेक्टेयर है, लेकिन हलफनामे में बताई गई जमीन केवल 0.56 हेक्टेयर है।
माैके पर तैनात पुलिस बल ने शिअद प्रधान सुखबीर बादल को गुरुद्वारा साहिब के बाहर रोक लिया। इस दाैरान उनकी एसपी मनप्रीत से बहस भी हुई। पुलिस ने कहा कि गुरुद्वारे नहीं जाने दिया जा सकता। वहीं एसपी से सुखबीर बादल ने परमिशन दिखाने को कहा। बादल ने आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस अरविंद केजरीवाल के इशारे पर धक्का कर रही है।
वहीं अकाली नेता सुच्चा सिंह लंगाह को समर्थकों सहित हिरासत में लिया गया है। लंगाह ने कहा कि वे गुरुद्वारे में माथा टेकने आए थे। यहां से कोर्ट और विजिलेंस दफ्तर भी दूर हैं, फिर भी पुलिस धक्केशाही कर रही है। गुरुद्वारा अम्ब साहिब से विजिलेंस दफ्तर जा रहे अकाली वर्करों को पुलिस ने हिरासत में लिया। इस दाैरान पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की धक्कामुक्की हुई।
पंजाब भर से अकाली वर्कर धरना प्रदर्शन करने के लिए मोहाली पहुंच रहे हैं। अकाली वर्करों को धरने में जाने से रोकने के लिए पंजाब भर में वरिष्ठ अकाली नेताओं के घरों के बाहर पुलिस बैठा दी गई है। जगह-जगह पर नाकाबंदी भी की हुई है खासकर ब्यास पुल के पास बड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। वहां वाहनों को चेक करके आगे भेजा जा रहा है।
पंजाब में अघोषित आपातकाल लागू
वहीं पूरे मामले में शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने सीएम भगवंत मान पर निशाना साधा और कहा उन्होंने पंजाब में अघोषित आपातकाल लागू कर दिया है। आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा झूठे मामले में फंसाए गए बिक्रम सिंह मजीठिया के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए आज मोहाली जा रहे अकाली कार्यकर्ताओं को उनके घरों में ही हिरासत में लिया जा रहा है। यहां तक कि सभी प्रमुख सड़कों पर लगाए गए नाकों पर भी उन्हें रोका जा रहा है। इस तरह की दमनकारी हरकतें कायरता की निशानी हैं। यह स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री मजीठिया के लिए उमड़ रहे समर्थन से घबरा गए हैं। अकाली दल और उसके कार्यकर्ता इस तरह की दमनकारी हरकतों से नहीं डरेंगे। पहले भी अकालियों ने जनांदोलनों के जरिए दमन का मुकाबला किया है। अब भी हम पंजाबियों के समर्थन से भ्रष्ट और तानाशाह आप सरकार को करारा सबक सिखाएंगे। शिरोमणि अकाली दल जिंदाबाद
बिक्रम मजीठिया ने गिरफ्तारी व रिमांड के आदेश को अवैध बताते हुए पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती दी है। याची ने कहा कि उसे राजनीतिक दुर्भावना का शिकार बनाया गया है। हाईकोर्ट जल्द याचिका पर सुनवाई कर सकता है।
यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ में ध्यान से चलाएं वाहन: धंस रही है शहर की सड़कें, तीन दिन की बरसात ने खोल दी प्रशासन की पोल
मजीठिया ने याचिका में कहा कि उसे गिरफ्तारी से दो घंटे पहले तक अवैध हिरासत में रखा गया। गिरफ्तारी के समय तय नियमों का पालन नहीं किया गया। पुलिस ने रिमांड के लिए कोई ठोस आधार नहीं बनाया। याची ने कहा कि उसे गिरफ्तार करने की कोई वजह नहीं थी। रिमांड का आदेश जारी करते हुए मजिस्ट्रेट ने कारणों को दर्ज नहीं किया था। हाईकोर्ट से अपील की गई है कि रिमांड के आदेश को रद्द किया जाए। मजीठिया को पुलिस ने अमृतसर से गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। जहां से उन्हें 2 जुलाई तक की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। इसी आदेश को अब हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है।