सीएम सुक्खू ने मुख्यमंत्री मान को किया फोन
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बीच हिमाचल रोडवेज बसों पर भिंडरावाला पोस्टर लगाए जाने और बसों पर हमले के मामले में टेलीफोनिक बात हुई है। बीते दिनों हिमाचल में दो पहिया वाहनों पर सवार पंजाबी युवकों द्वारा भिंडरावाले की फोटो और झंडा लगाकर यात्रा करने पर हिमाचल पुलिस की तरफ से की गई कार्रवाई के मुद्दों पर दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों में बात हुई। इस टेलिफोनिक बातचीत में पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने हिमाचल के मुख्यमंत्री सुक्खू को आश्वासन दिलाया कि बीते रोज मोहाली के खरड़ में हिमाचल रोडवेज के बस पर हुए हमले में पुलिस कार्रवाई करेगी। सीएम मान ने उन्हें यह सूचना दी कि पंजाब के डीजीपी गौरव यादव इस मामले को खुद देख रहे हैं। वहीं होशियारपुर की घटना के मामले में दोषियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं हिमाचल के सीएम सुक्खू ने कहा कि पंजाब हमेशा उनके बड़े भाई की भूमिका में रहा है। पंजाब से आने वाले हर यात्रियों का हिमाचल में ध्यान रखा जाएगा। वह पंजाब और पंजाब के लोगों का दिल से आदर और सम्मान करते हैं।
नशे के लेकर भी दोनों राज्यों में रार
पंजाब और हिमाचल दोनों पर एक-दूसरे राज्यों में नशे की सप्लाई करने का भी आरोप लगते रहे हैं। बीते दिनों हिमाचल सरकार के विधायक चंद्र शेखर ने पंजाब पर हिमाचल में नशा सप्लाई करने का आरोप लगाया था। वहीं, इसका विरोध करते हुए पंजाब आप एमएलए ने हिमाचल प्रदेश पर ही पंजाब में नशा भेजने की बात कही थी। पंजाब के नेता यह तक कहते हैं कि हिमाचल से सिंथेटिक ड्रग्स पंजाब में आ रहा है। वहीं हिमाचल के नेताओं का आरोप है कि पंजाब में नशा खूब फल फूल रहा है और पंजाब से ही हिमाचल में हेरोइन (चिट्टे) की सप्लाई हो रही है।