पंजाब में बस चलाने से चालकों का इनकार
इस घटना के विरोध में हिमाचल के ड्राइवरों ने पंजाब में बसें चलाने से इनकार कर दिया। होशियारपुर में एचआरटीसी की बसों पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखने से गुस्साए चालकों ने सवारियों को बीच रास्ते में उतार दिया। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि यह एक गंभीर मामला है और पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी शरारती तत्व को माहौल खराब नहीं करने दिया जाएगा।
सवारियों को रास्ते में उतार वापस हुई बसें
इस घटना के बाद हिमाचल प्रदेश से पंजाब में आ रही बसें सवारियों को रास्ते में उतार कर ही वापस चली गईं। कांगड़ा जिले से आ रहे अखिल कुमार ने बताया कि वह सुबह बस में बैठकर अमृतसर के लिए निकला था लेकिन जब बस पठानकोट पहुंची तो वहां पर कंडक्टर और ड्राइवर ने सभी सवारियों को उतार दिया और वापस चले गए, जबकि उसने अमृतसर तक की टिकट ले रखी थी। ऐसे में उन्हें बहुत ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा।