अमृतसर स्थित श्री गुरु राम दार जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक अप्रैल से उड़ान सेवाओं में बड़ा बदलाव किया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) द्वारा जारी एनओटीएएम के अनुसार 27 सितंबर तक हर दिन दोपहर 1:45 बजे से रात 9:45 बजे तक रनवे पूरी तरह बंद रहेगा।
यह फैसला रनवे की री-कार्पेटिंग और आधुनिक लाइटिंग सिस्टम के अपग्रेड कार्यों के चलते लिया गया है। एयरपोर्ट डायरेक्टर भूपिंदर सिंह के अनुसार करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से यह प्रोजेक्ट किया जा रहा है, जिससे भविष्य में उड़ानों की सुरक्षा और सुविधाओं में सुधार होगा।
इस दौरान किसी भी फ्लाइट का संचालन नहीं होगा, लेकिन एयरलाइंस ने अपने शेड्यूल में बदलाव कर लिया है। सभी उड़ानें बंद समय से पहले या बाद में ही संचालित की जाएंगी। एयरपोर्ट के समर शेड्यूल में कुल 62 फ्लाइट्स शामिल हैं, जिनमें 40 घरेलू और 22 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें हैं।
करीब 3658 मीटर लंबे और 60 मीटर चौड़े रनवे की दो परतों में मरम्मत की जाएगी, जिससे बड़े विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और टेकऑफ सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा 2000 से अधिक पुरानी लाइटों को एलईडी से बदला जाएगा और नया मॉनिटरिंग सिस्टम भी लगाया जाएगा।
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट का अपडेटेड शेड्यूल जरूर जांच लें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोई भी फ्लाइट रद्द या डायवर्ट नहीं की गई है और सभी उड़ानें नए समय के अनुसार ही संचालित होंगी।