कोर कमेटी की बैठक के फैसलों के बारे में बताते अकाली नेता
- फोटो : अमर उजाला
अमृतसर में श्री हरिमंदिर साहिब में शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर बादल पर हुए जानलेवा हमले मामले में चंडीगढ़ में शुक्रवार को अकाली दल की कोर कमेटी की बैठक हुई।
कोर कमेटी की बैठक में शिअद ने नगर निगम चुनाव लड़ने का एलान किया है। इस पर अकाली दल जल्द ही अपने प्रत्याशियों की घोषणा के अलावा जमीनी स्तर पर प्रचार को लेकर रणनीति तैयार करेगा। शिअद के कार्यकारी अध्यक्ष बलविंदर सिंह भूंदड़ ने कहा कि कोर कमेटी ने सर्वसम्मति से नगर निगम चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। वहीं, सुखबीर बादल पर हुए जानलेवा हमले पर भूंदड़, बिक्रम मजीठिया, डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आप सरकार को घेरा है।
डॉ. चीमा ने कहा कि श्री हरिमंदिर साहिब में इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिए जाने के दो दिन बीत जाने के बाद भी सरकार के हाथ खाली हैं। मजीठिया ने हमले के दौरान ड्यूटी पर तैनात एसपी पर सवाल उठाते हुए पंजाब सरकार और पुलिस को घेरा है। मजीठिया ने कहा कि श्री हरिमंदिर साहिब के सीसीटीवी फुटेज में एसपी हरपाल सिंह तीन और चार दिसंबर को आतंकी नारायण चौड़ा के लगातार संपर्क में था, लेकिन अमृतसर पुलिस कमिश्नर ने अब तक एसपी हरपाल सिंह से पूछताछ नहीं की है। यहां तक कि मामले में डीजीपी पंजाब गौरव यादव तक चुप्पी साधे हुए हैं।
डॉ. चीमा ने कहा कि वह सुखबीर पर हुए हमले के मामले में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर इस केस की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग करेंगे और सीएम भगवंत मान के इस्तीफे की मांग करेंगे।