पटियाला में पकड़ा गया नकली पनीर, हरियाणा से सप्लाई
पटियाला में हरियाणा से सप्लाई हो रहा नकली पनीर भारी मात्रा में पकड़ा जा रहा है। सेहत विभाग की फूड सेफ्टी टीम ने इस साल अप्रैल में 1378 किलो और पिछले माह जुलाई में 1640 किलो नकली पनीर पकड़ा। दोनों बार नकली पनीर राजपुरा से पकड़ा गया। पहली बार पकड़ा 1378 किलो पनीर पटियाला में सप्लाई किया जाना था जबकि 1640 किलो की पकड़ी दूसरी खेप जालंधर सप्लाई होनी थी। फूड सिक्योरिटी अधिकारी ईशान बंसल और तरुण बंसल ने माना था कि सैंपलों की जांच रिपोर्ट में पता चला है कि पनीर नकली है और इसका सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।
सात महीनों में सुरक्षा विभाग ने लिए 258 सैंपल, 38 फेल
अमृतसर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ जनवरी से जुलाई तक चलाए अभियान के तहत विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों पर छापे मार कर नकली घी, मिलावटी पनीर, सड़े फल, सब्जियां और अन्य नकली खाद्य पदार्थों को जब्त कर कानूनी कार्रवाई की है।
सहायक कमिश्नर राजिंदरपाल सिंह ने बताया कि 25 जनवरी से 25 जुलाई तक अब तक 258 सैंपल लिए गए जिनमें से 38 सैंपल फेल और 220 सही पाए गए। कुछ संस्थानों पर की कार्रवाई के बाद 8 केस एडीसी कोर्ट में दर्ज है। इनमें जिला खाद्य सुरक्षा विभाग ने 25 जुलाई को गांव गिलवाली में जीके फूड ट्रेडिंग कंपनी में कार्रवाई करते 368 किलो नकली घी, 330 किलो रिफाइंड, वनस्पति बरामद किया था। इसका इस्तेमाल नकली देसी घी बनाने में किया जा रहा था। डिपार्टमेंट ने 7 महीने में लगभग 1 क्विंटल घटिया पनीर और 1 क्विंटल सड़े फल-सब्जियां बरामद कर खुद नष्ट करवाईं। एडीसी और सीजेएम कोर्ट की ओर से अब तक विभिन्न मामलों में दुकानों और प्रतिष्ठानों को 5 लाख 35000 रुपए जुर्माना लगाया।
होशियारपुर में 6 माह में 21 सैंपल फेल
पिछले छह महीनों में जिले से दूध व दूध उत्पाद, तेल, सब्जियां और फल, मिठाइयां, पीने का पानी, बेकरी उत्पाद, फूड सप्लीमेंट सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 154 नमूने जांच के लिए लिए गए। इनमें से 21 नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे। इन मामलों में केस दर्ज कर जुर्माना भी लगाया गया है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जतिंदर भाटिया ने बताया कि कुछ मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में खाद्य सुरक्षा टीम ने शहर के खानपुरी गेट स्थित एक देसी घी के गोदाम पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान विभाग ने लगभग 250 लीटर देसी घी जब्त किया। डॉ. भाटिया ने बताया कि छापे के दौरान लगभग 100 लीटर देसी घी, जिसके नमूने पहले हुई जांच में न सिर्फ फेल हो चुके थे बल्कि अनसेफ पाए गए थे, उसे कब्जे में लिया गया। इसके अलावा एक अन्य ब्रांड का लगभग 150 लीटर घी संदेह के आधार पर जब्त किया गया। दोनों प्रकार के घी के नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।
छह महीने में 100 से ज्यादा जगहों पर रेड, 35 मामलों में 10 लाख जुर्माना
लुधियाना में स्वास्थ्य विभाग की कोशिशों के बावजूद घटिया दर्जे के खाद्य पदार्थों का उत्पादन, बिक्री और बाहरी जिलों व राज्यों से मिलावटी खाद्य पदार्थों का आना जारी है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने बीते छह महीने में 100 से ज्यादा खाद्य उत्पादन इकाई, फैक्टरी, फूड आउटलेट, बेकरी, स्वीट शॉप व डेयरियों में रेड की है और जनवरी से जून तक विभिन्न खाद्य पदार्थों के 324 सैंपल लिए हैं। इन सैंपलों में 158 दूध, दहीं, पनीर, खोया, लस्सी और घी के थे जबकि 166 सैंपल मसाले, दाल, फास्ट फूड, सूखे मेवे और मिठाइयां आदि के थे। दूध और डेयरी उत्पादों के 158 सैंपलों में से 48 फेल हुए हैं जबकि अन्य खाद्य पदार्थों के 166 सैंपलों में से 14 फेल पाए गए हैं। महासिंह नगर की एक बेकरी से स्वास्थ्य विभाग ने 500 किलो पनीर जब्त किया है और सैंपल भरकर जांच के लिए भेजे हैं। इसी तरह से बस स्टैंड के पास छापेमारी करके 500 किलो खोया, रसगुल्ले और सोन पापड़ी की खेप जब्त की गई है।
पंजाब में पिछले तीन साल में खाद्य पदार्थों में मिलावट का पता लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया जिसमें चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। पनीर व देसी घी में केमिकल तक की मिलावट पाई गई है, जो सेहत के लिए खतरनाक है। लोगों को सलाह है कि वे भरोसेमंद ब्रांड से ही खाद्य पदार्थों की खरीदारी करें। -डॉ. बलबीर सिंह, स्वास्थ्य मंत्री, पंजाब।
फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने बुकलेट जारी की हुई है, जिसके जरिए आसानी से दूध और पनीर में घर पर ही मिलावट का पता लगाया जा सकते हैं। इस बुकलेट के जरिये लोग अपने घर पर ही टेस्टिंग कर सकते हैं। लोगों को मिलावटी खाद्य पदार्थों से बचने के लिए घर ही पनीर, देसी घी, मिठाई व अन्य खाद्य पदार्थ तैयार करने चाहिए। -डॉ. रचना श्रीवास्तव, सामुदायिक चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य विभाग, पीजीआई।