पंजाब के तरनतारन में फिरौती के लिए पेंट स्टोर पर फायरिंग करने के मामले में वांछित एक युवक पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल हो गया। थाना सिटी तरनतारन पुलिस ने आरोपी को जवाबी कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी की दोनों टांगों में गोलियां लगीं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल तरनतारन में भर्ती करवाया गया।
पुलिस को देख भागा आरोपी
एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि पुलिस एक संदिग्ध बाइक सवार का पीछा कर रही थी। आरोपी पुलिस को देखकर रोही क्षेत्र की ओर भागने लगा। पुलिस ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया।
घायल आरोपी की पहचान साहिल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक साहिल जंडियाला रोड स्थित पन्नू पेंट स्टोर पर फिरौती के उद्देश्य से की गई फायरिंग की घटना में शामिल था। इस मामले में उसका एक साथी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल और वारदात में इस्तेमाल किया गया बाइक भी बरामद किया है।
फिलहाल आरोपी का इलाज चल रहा है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और आपराधिक नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।