आम आदमी पार्टी ने दूसरी लिस्ट में सर्वे में खरे उतरे लोगों को टिकट दी है। लोगों की फीडबैक पर खरे उतरे विधायकों को भी दोबारा मौका मिला है। विवादों और हाईकमान की नाराजगी ने भी कई नेताओं की दावेदारी कमजोर कर दी। गुरुवार को आप ने 31 उम्मीदवारों के नाम का एलान किया था।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए टिकट वितरण में हर महीने कराए गए सर्वे और जनता की फीडबैक को आधार बनाया है। जिन विधायकों का प्रदर्शन और लोकप्रियता लोगों की कसौटी पर खरी उतरी, उन्हें दोबारा मौका मिला, जबकि सर्वे में पिछड़ने वाले विधायकों की टिकट कट गई। विवादों और हाईकमान की नाराजगी ने भी कई दावेदारों का गणित बिगाड़ दिया।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री भगवंत मान के अनुसार, पिछले एक साल से हर महीने सर्वे कराया जा रहा था। इसमें लोगों से विधायकों के कामकाज का फीडबैक लिया गया। कमजोर प्रदर्शन करने वालों को सुधार का मौका दिया गया, लेकिन अंतिम सर्वे में पिछड़ने वालों को टिकट नहीं मिली। खरड़ की विधायक अनमोल गगन मान को भी दोबारा मौका नहीं मिला। मंत्री पद से हटाए जाने के बाद उन्होंने राजनीति छोड़ने और पद व पार्टी से इस्तीफे का एलान किया था, हालांकि बाद में वरिष्ठ नेताओं के मनाने पर फैसला वापस ले लिया था।
Trending Videos
विवादों ने भी कमजोर की दावेदारी
जालंधर सेंट्रल के विधायक रमन अरोड़ा को विजिलेंस की भ्रष्टाचार मामले में कार्रवाई और गिरफ्तारी का सामना करना पड़ा था। शुतराणा के कुलवंत सिंह बाजीगर निकाय चुनाव प्रभावित करने संबंधी बयान को लेकर विवादों में रहे। बठिंडा ग्रामीण के विधायक अमित रतन कोटफत्ता भी भ्रष्टाचार मामले में विजिलेंस की कार्रवाई का सामना कर चुके हैं।
खुड्डियां से हाईकमान की नाराजगी की चर्चा
कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां को लंबी से टिकट नहीं मिलने के पीछे हाईकमान की नाराजगी को कारण बताया जा रहा है। वहीं, चमकौर साहिब के विधायक डॉ. चरणजीत सिंह को भी पिछले साल के बयान के कारण विरोध का सामना करना पड़ा था। उन्होंने पिछले चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को 7,942 मतों से हराया था।
केजरीवाल बोले- 71 उम्मीदवार घोषित किए
आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पार्टी ने 71 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं और पूरे आत्मविश्वास से चुनाव की तैयारी कर रही है। पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा कि यह चुनाव केवल सत्ता का नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य, युवाओं के रोजगार, किसानों के सम्मान और विकास से जुड़े मुद्दों का है।
अब सिर्फ 46 उम्मीदवारों के नाम बाकी
आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों की सूची जारी कर पंजाब के तीनों प्रमुख क्षेत्रों माझा, मालवा और दोआबा में सियासी संतुलन साधने की कोशिश की है। 31 उम्मीदवारों के नामों के एलान के साथ पार्टी ने जातीय, क्षेत्रीय और राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए चुनावी बिसात बिछा दी है। हालांकि अभी भी 46 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का एलान होना बाकी है। ऐसे में इन सीटों पर पार्टी किसे मौका देती है और किन चेहरों पर दांव लगाती है, इस पर सियासी निगाहें टिकी हुई हैं।