माहिलपुर-जेजों रोड पर गांव चक नारियल के पास गुरुवार शाम एक सड़क हादसे में 19 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब माहिलपुर की ओर से आ रहे एक टिप्पर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद टिप्पर चालक मौके से फरार हो गया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, होशियारपुर के लासारा हॉल गांव निवासी स्वर्गीय दीपक कुमार का 19 वर्षीय पुत्र बाइक पर किसी काम से गांव आया था और वापस होशियारपुर लौट रहा था। शाम करीब साढ़े छह बजे चक नारियल वाली सड़क पर उसकी बाइक की सामने से आ रहे टिप्पर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही माहिलपुर थाना प्रभारी और एएसआई दलजीत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक का शव माहिलपुर के सिविल अस्पताल में रखा गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।