पंजाब-हरियाणा जल विवाद के बीच भाखड़ा डैम पर जिस प्रकार पंजाब पुलिस तैनात कर दी गई थी, उस कड़ी में गृह मंत्रालय ने बुधवार को बड़ा फैसला लिया। भाखड़ा डैम पर अब सीआईएसएफ तैनात की जाएगी। गृह मंत्रालय ने भाखड़ा डैम पर 296 सीआईएसएफ जवान तैनात करने के आदेश जारी किए हैं।
जल विवाद के बीच बीते दिनों भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड के चेयरमैन मनोज त्रिपाठी नंगल पहुंचे थे। वह खुद भाखड़ा से हरियाणा को 4500 क्यूसेक अतिरिक्त पानी देने के लिए डैम के गेट्स खोलने पहुंच गए थे। इससे पहले बीबीएमबी के अफसरों ने भी यह कदम उठाया था। इस पर सीएम मान ने भाखड़ा डैम के इर्दगिर्द एक डीएसपी के साथ करीब 128 पुलिस जवानों की टुकड़ी तैनात कर दी थी।
बीबीएमबी चेयरमैन को भी सतलुज भवन में बंधक बना लिया गया था। पुलिस की मौजूदगी में बीबीएमबी चेयरमैन को वहां से निकाला गया था। ये सब बातें केंद्र तक पहुंची थीं, यहां तक कि केंद्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी जो सुझाव दिए गए थे, उस पर मान सरकार नहीं मानी थी।
अब गृह मंत्रालय ने भाखड़ा डैम की सुरक्षा को अपने हाथों में लेना का कदम उठा दिया है। सीआईएसएफ के तैनात होते ही भाखड़ा डैम की सुरक्षा में तैनात पंजाब पुलिस का हस्तक्षेप पूरी तरह खत्म हो जाएगा। गृह मंत्रालय ने भाखड़ा की सिक्योरिटी विंग में 296 सीआईएसएफ तैनात करने के लिए 19 मई को ही आदेश जारी कर दिए। गृह मंत्रालय ने भाखड़ा डैम पर तैनात किए जाने वाले सीआईएसएफ जवानों के ठहरने के लिए व्यवस्था, ट्रांसपोर्ट, कम्युनिकेशन, सिक्योरिटी गैजेट्स और अन्य बंदोबस्त करने के भी आदेश जारी कर दिए हैं।