अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध हथियारों और नशे की तस्करी करने वाले तीन नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 12 अवैध पिस्तौल, दो हैंड ग्रेनेड, 310.10 ग्राम हेरोइन और 33 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा की।
ड्रोन के जरिये भारत भेजे जाते थे हथियार और नशा
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर्स और गैंगस्टरों के संपर्क में थे। विदेशी हैंडलर ड्रोन के जरिये अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप भारत भेजते थे। इसके बाद आरोपियों के माध्यम से इन्हें अन्य आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लोगों को डराने और रंगदारी वसूलने के लिए हथियारों का इस्तेमाल करते थे। रंगदारी की मांग पूरी नहीं होने पर लोगों के घरों और दुकानों पर फायरिंग की जाती थी। पुलिस अब इन घटनाओं में शामिल अन्य लोगों और हथियारों की सप्लाई करने वाले स्रोतों का पता लगा रही है।
तीन थानों में दर्ज हुई एफआईआर
इस मामले में अमृतसर के थाना रणजीत एवेन्यू, थाना छेहरटा और थाना सुल्तानविंड में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और हथियारों व नशे की सप्लाई की पूरी श्रृंखला का पता लगाने के लिए जांच जारी है।