वहीं लुधियाना के जगरावं की अनाज मंडी स्थित गोदाम में भी जांच चल रही है। सीबीआई की टीम ने मीडिया समेत किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया और न ही बाहर आने दिया। मुक्तसर में भी मौड़ रोड स्थित सेंट्रल वेयर हाउस के गोदाम में फूड कार्पोरेशन ऑफ इंडिया के पड़े स्टॉक की जांच की गई। यहां गोदाम में पड़े चावल के सैंपल लिए गए और ड्यूटी पर तैनात मुलाजिमों की फिजिकल वेरिफिकेशन भी किया गया।
पटियाला : तीन गोदामों में 12 घंटे चली जांच
पटियाला जिले के तीन एफसीआई गोदामों में गुरुवार रात से लेकर शुक्रवार तड़के तक सीबीआई की टीम रही। इन तीनों जगह करीब 12 घंटे जांच चली। समाना में घग्गा रोड स्थित एफसीआई गोदाम, एफसीआई गोदाम नजदीक बस अड्डा नाभा और नाभा गोदाम से चावलों के सैंपल भरे। जानकारी के मुताबिक सीबीआई की टीम ने एफसीआई के अधिकारियों को बिना सूचना दिए यह दबिश दी। टीम रिकॉर्ड कब्जे में कर अपने साथ ले गई।
गेहूं और चावल के नमूने लिए
अबोहर से मिली जानकारी के अनुसार सीतो रोड गांव काला टिब्बा स्थित सोमा न्यू टाउन, श्रीगंगानगर रोड तथा ढाणी लटकन रोड पर स्थित एफसीआई के गोदामों में कार्रवाई हुई है। समाचार लिखे जाने तक कार्रवाई जारी थी। फिरोजपुर व फाजिल्का में भी गोदामों पर दबिश देकर दस्तावेज कब्जे में लिए गए हैं। फिरोजपुर के गांव गोखी वाला और फाजिल्का के गांव राणा स्थित गोदाम से चावल के सैंपल लिए गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सीबीआई की टीमों ने 2019-20 और 2020-21 के दौरान खरीदे गए गेहूं और चावल के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।