बीएसएफ ने बरामद किया गुब्बारा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
भारत-पाक सीमा से सटे पठानकोट के बमियाल सेक्टर की डिंडा पोस्ट के पास सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पाकिस्तानी गुब्बारा बरामद किया है। पुलिस और बीएसएफ की ओर से आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। हालांकि, अभी तक कोई भी संदिग्ध वस्तु वहां से बरामद नहीं हुई है।
इससे पहले अप्रैल 2021 और अगस्त 2020 में भी पाकिस्तानी गुब्बारे भारतीय सीमा में बरामद हुए हैं। इनमें पाकिस्तानी झंडे, पाकिस्तानी नारे या जश्न-ए-आजादी जैसे स्लोगन लिखे पाए गए थे। जिन्हें बीएसएफ जवानों ने फायरिंग कर मार गिराया था।
घोड़े की तस्वीर वाला गुब्बारा हुआ बरामद
जबकि, रविवार तड़के बरामद किया गया गुब्बारा घोड़े के आकार का है और इस पर कुछ भी नहीं लिखा गया। लेकिन, उसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और आसपास के एरिया में पुलिस और बीएसएफ ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया। सुबह जैसे ही बीएसएफ ने खेत में गुब्बारा देखा तो इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दी।
मौके पर पुलिस पहुंची और उसे अपने कब्जे में ले लिया। पता किया जा रहा है कि गुब्बारा कहां से आया है। बता दें, पठानकोट संवेदनशील क्षेत्र है। पाकिस्तान सीमा से सटा यह क्षेत्र अक्सर देश विरोधी तत्वों के निशाने पर रहा है। बार-बार पाकिस्तान से आए गुब्बारे मिलने से सुरक्षा बल व खुफिया एजेंसियां भी सकते हैं।