राजस्थान से लाई जा रही 18 लाख रुपये की 25 किलो अफीम की डिलीवरी मुख्यमंत्री के हलके मुक्तसर में होनी थी। इसे अबोहर पुलिस ने गांव दौलतपुरा के पास दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनसे बरामद की है। जबकि एक तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उधर, पुलिस ने तीन तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एसएसपी सुरजीत सिंह ग्रेवाल ने बताया कि नारकोटिक सेल ने मंगलवार सुबह 7 बजे अबोहर-श्रीगंगानगर रोड पर गांव दौलतपुरा के पास वेक्सिंग प्लांट के नजदीक नाका लगा रखा था। इसी दौरान श्री गंगानगर की ओर से नमक की बोरियों से लदे ट्रक को जब जांच के लिए रुकने का इशारा किया तो उसमें सवार तीन लोगों में से एक व्यक्ति भागने में कामयाब हो गया जबकि दो अन्य व्यक्तियों को पुलिस ने काबू कर लिया।
इनकी पहचान वार्ड नं. 22, कब्जा कालोनी, थाना फलौदी जिला जोधपुर निवासी सोनाराम पुत्र दानाराम, खाजम खान पुत्र दीनखान के रूप में हुई है। फरार हुए व्यक्ति का नाम इलाहूखान बताया है। पुलिस ने इन दोनों लोगों को हिरासत में लेकर जब ट्रक की तलाशी ली तो उसमें नमक से भरी बोरियों के नीचे एक बाल्टी में बंद 25 किलो अफीम बरामद हुई है।
इसकी कीमत करीब साढ़े 18 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में इन दोनों ने बताया कि यह अफीम उन्हें ईलाहू ने दी थी जो मुक्तसर क्षेत्र में पहुंचाई जानी थी। इसके बदले में ईलाहू ने ट्रक चालक सोनाराम को 25 हजार रुपये और खाजम खान को 5 हजार रुपये दिए थे। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फरार हुए ईलाहू की तलाश जारी है।