चार पुलिस मुलाजिमों द्वारा 70 हजार रुपये की रिश्वत लेकर तस्कर को छोड़ने का मामला सामने आया है। एसएसपी नरिंदर भार्गव की जानकारी में आने के बाद मामला सीआईए स्टाफ को सौंपा गया और जांच के बाद चारों मुलाजिमों के खिलाफ लांबड़ा थाना में भ्रष्टाचार का केस दर्ज कर लिया गया है।
इनकी पहचान कांस्टेबल हरजाप सिंह, कांस्टेबल गुरविंदर सिंह, कांस्टेबल नवदीप और कांस्टेबल राकेश कुमार के रूप में हुई। इनके लिए दलाली करने वाले सतीश पुत्र धर्मजीत के खिलाफ भी पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक लांबड़ा इलाके के एक तस्कर को चार पुलिस मुलाजिमों हरजाप, गुरविंदर, नवदीप व राकेश ने काबू किया था। उसके पास से सफेद पाउडर भी मिला था। चारों पुलिस मुलाजिमों ने उसको कस्टडी में रखकर उससे 70 हजार की राशि ली।
तस्कर के साथ मुलाजिम बैंक तक गए, जहां से तस्कर ने पैसे निकलवाए और पुलिस मुलाजिमों ने बैंक से ही उससे पैसा ले लिया। इसकी वीडियो क्लिप भी बन गई। इस पूरे मामले में सतीश ने दलाल की भूमिका अदा की। सारा मामला एसएसपी भार्गव के नोटिस में आया, तो उन्होंने एसपी डिटेक्टिव हरकंवलप्रीत सिंह खख को इसकी जांच के लिए कहा। जांच के बाद पुलिस ने चारों मुलाजिमों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।