पंजाब सरकार की नीतियां व्यापार विरोधी हैं और पंजाब का व्यापारी इस समय काले दौर से गुजर रहा है। यह बात जालंधर इंडस्ट्रियल एंड ट्रेडर्स एक्शन कमेटी के रविंदर धीर ने कही। वह अपने साथियों समेत अटारी बाजार में वैट के 13 (1) में संशोधन पर आयोजित व्यापारियों के रोष प्रदर्शन में पहुंचे थे।
वैट के 13 (1) में संशोधन के खिलाफ व्यापारियों ने क्रमवार प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं। वीरवार को होलसेल शुगर मार्केट में वैट की प्रतियां जलाई गई थी वहीं शुक्रवार को होलसेल बाजार अटारी में प्रदर्शन किया गया। इसका आयोजन होलसेल मर्चेंट एसोसिएशन के प्रधान सुखविंदर बग्गा द्वारा किया गया था।
व्यापारियों का तर्क था कि सरकार एडवांस टैक्स वसूल रही है। उनका कहना था कि दुकानों में पड़े माल पर ही वैट लिया जा चुका है और उसके सेल होने पर ही वैट रिफंड करना तो सीधे-सीधे धक्केशाही है। प्रदर्शन के दौरान इंडस्ट्रियल एंड ट्रेडर्स के सदस्य होलसेल शुगर के प्रधान प्रीतम सिंह, महासचिव कृष्ण लाल, रविंदर धीर, हैंड टूल के प्रधान गुरशरण सिंह, गुरमीत सिंह बिट्टू समेत कई जत्थेबंदियों के नेताओं ने कहा कि सरकार ट्रेडर्स को पूरी तरह से उजाड़ने में तुली हुई है। व्यापारियों की कमर टूट चुकी है और कारोबारी आगे ही परेशान चल रहे हैं।