मलोट की नई दाना मंडी के मजदूरों ने मंडी में हो रही चोरियों के विरोध में शुक्रवार को अचानक हड़ताल कर दी। इस दौरान हड़ताली मजदूरों ने मार्केट कमेटी दफ्तर के समक्ष रोष प्रदर्शन कर चोरियों की घटनाएं रोकने की मांग उठाई।
दोपहर बाद अधिकारियों द्वाराचोरियों की रोकथाम के लिए उचित कदम उठाने तथा अन्य मांगें पूरी करने के आश्वासन पर मजदूरों ने हड़ताल समाप्त कर दी।
प्रदर्शन के दौरान गल्ला मंडी मजदूर यूनियन के अध्यक्ष सीता राम खटक ने बताया कि नई दाना मंडी में प्रत्येक सीजन में धान की चोरी होती है और इसका खामियाजा मजदूरों को भुगतना पड़ता है।
इस बार भी सीजन शुरू होते ही धान की चोरियों का सिलसिला शुरू हो गया है। हथियारों से लैस चोरों ने रात को धान की चोरी की। उन्होंने बताया कि चोरियों के संबंध में मार्केट कमेटी के अधिकारियों को जानकारी देने के बाद भी इसकी रोकथाम को उचित कदम नहीं उठाया गया।
अनाज मंडी के टूटे गेट, टूटी हुई चारदीवारी तथा मंडी में नाजायज कब्जे इन चोरियों में सहायक सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि चोरियों के कारण मजदूरों को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से चोरियों की रोकथाम के लिए उचित कदम उठाने, मंडी के सभी गेट लगाने, चारदीवारी बनाने तथा नाजायज कब्जे हटाने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि जब तक उनकी सभी मांगें स्वीकार नहीं होतीं और चोरियों की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग जाता, तब तक मजदूर मंडी में काम नहीं करेंगे।
उधर, दोपहर बाद मंडी बोर्ड के डीएम कुलदीप सिंह और सचिव अजय पाल सिंह बराड़ के आश्वासन के बाद मजदूरों ने हड़ताल समाप्त कर दी। इस संबंध में जब मार्केट कमेटी मलोट के सचिव अजयपाल सिंह बराड़ ने बताया कि मंडी में धान की रखवाली को दो चौकीदार नियुक्त है।
चोरियों की रोकथाम के लिए उचित कदम उठाए जा रहे हैं। वह पुलिस प्रशासन का भी सहयोग ले रहे हैं। चारदीवारी के बारे में उन्होंने बताया कि नए गेट तथा चारदीवारी के लिए 80 लाख बजट पास हो गया है। जल्द ही काम शुरू हो जाएगा।