पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने फोन पर बताया कि अकाली भाजपा सरकार प्रदेश के मौजूदा हालातों के बारे में अपनी नाकामी छिपाने के लिए कांग्रेस के खिलाफ बेतुकी बयानबाजी कर रही है।
उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश सरकार इतनी ही गंभीर होती तो अकाली वर्कर अपना हक मांगने और सरकार का विरोध करने वाले बेकसूर लोगों को न पीटते।
बाजवा ने कहा कि सरकार की नालायकी से ही प्रदेश में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी जैसी दुखद घटनाएं हुई हैं। आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने फोन पर बताया कि अकाली दल सबूत के साथ बताए कि आप का कौन सा नेता नशेड़ी है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में नशा सबसे बड़ी समस्या है, जो अकाली दल की देन है। भगवंत मान पर शराब पीकर बरगाड़ी में हुए धार्मिक समागम में शिरकत करने के सवाल पर संजय सिंह ने कहा कि जो वीडियो अकालियों की ओर से मान के खिलाफ प्रचार के लिए फैलाया जा रहा है, उसमें जो व्यक्ति मान के पीछे भाग रहे हैं वे ही शराब पीने का शोर मचा रहे हैं।