बरनाला में सांसद विजयइन्द्र सिंगला ने कहा कि लोगों द्वारा दी गई शक्ति और परमात्मा के आशीर्वाद के कारण ही मैं आपकी सेवा कर सका हूं। संगरूर के गांव घाबदां में 1000 करोड़ से बनने वाले पीजीआई व कैंसर अस्पताल का निर्माण शुरू करवाना, 900 गांवों को विकास के लिए ग्रांटें लाना और तीर्थ स्थानों के लिए गाड़ियां चलाना आपके सहयोग से संभव हो पाया है।
उन्होंने यह बात भगत मोहन लाल सेवा समिति बरनाला द्वारा रामबाग में आयोजित कार्यक्रम में कही। यहां सिंगला के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया।
उन्होंने कहा कि मेरे मन में बहुत ऐसी योजनाएं हैं जिनके लिए मैं कार्य कर रहा हूं। उन्होंने अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार पर आरोप लगाया कि यह सरकार विकास कार्यों में रुकावटें डाल रही है।
पंजाब में विकास की जो योजनाएं चल रही हैं वे सब केंद्र सरकार की देन हैं। इससे पहले विजयइन्द्र सिंगला ने रामबाग में शांति हाल तथा प्रार्थना हाल के लिए बनाई गई पार्किंग का उद्घाटन किया।
इस समारोह में शहर की 30 से अधिक धार्मिक, सामाजिक और व्यापारिक संस्थाओं ने सांसद को सम्मानित किया। इस अवसर पर रुपिन्द्र सिंह संधू, भारत भूषन मेनन, बाबू राम गौड़, चंद सिंह चोपड़ा और राज पाल शर्मा ने कहा कि जितने विकास कार्य सिंगला ने करवाए हैं, आज से पहले किसी भी सांसद ने नहीं करवाए।