उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने कहा कि भगवंत मान ने गुरबाणी के शब्दों से जो छेड़खानी की है उसके लिए उन्हें सिख कौम से माफी मांगनी चाहिए।
यह बात सुखबीर बादल ने शुक्रवार को तलवंडी साबो में होने जा रहे विधानसभा के उपचुनाव में अकाली दल बादल व भाजपा के सांझे उम्मीदवार जीत महिंदर सिद्धू के नामांकन पत्र दाखिल करवाने के लिए पहुंचने पर कही। इस दौरान उन्होंने तलवंडी में अकाली दल के वर्करों की बैठक को भी संबोधित किया।
वहीं वे नामांकन पत्र दाखिल करवाने से पहले तख्त श्री दमदमा साहिब में माथा टेकने के लिए अकाली लीडरशीप के साथ पहुंचे। सुखबीर ने तख्त श्री दमदमा साहब तलवंडी साबो में माथा टेकने के बाद दावा जताया कि दो सीटों के उपचुनाव में गठजोड़ के उम्मीदवार भारी मतों से जीत हासिल करेंगे।
इस मौके पंजाब के कैबिनेट मंत्री सिकंदर सिंह मलूका, जनमेजा सिंह सेखों, जत्थेदार तोता सिंह, विधायक प्रेम मित्तल मानसा, मंत्री शरनजीत सिंह ढिल्लों, पूर्व हलका इंचार्ज बलवीर सिंह सिद्धू आदि भी मौजूद थे। उन्होंने कांग्रेसी उम्मीदवार जस्सी के बारे में कहा कि अब दस सालों बाद जस्सी को हलके की याद आ गई है, लेकिन हलके के लोग उसको इन चुनावों में मुंह नहीं लगाऐंगे।