अबोहर में हत्या की घटना पर वहां के विधायक सुनील कुमार जाखड़ ने बठिंडा में रविवार को कहा कि हत्या के आरोपी बताए जा रहे अकाली नेता शिव लाल डोडा ने अबोहर में इस कदर दहशत फैला रखी है कि वहां की वारदात की असलियत पूरी तरह सामने नहीं आ रही है।
उन्होंने पत्रकारों के सामने आरोप लगाया कि जिस फार्म हाउस में दो युवकों को बेरहमी से मारा गया जिसमें एक की मौत हो गई, उसे वाहवाला थाना प्रभारी अपनी रिहाइश के तौर पर भी प्रयोग करता है।
यह आलीशान फार्म हाउस अकाली नेता व शराब कारोबारी शिव लाल डोडा का है। जाखड़ ने आगे कहा कि अगर थाना प्रभारी हरविंदर सिंह चमेली के फोन की डिटेल व लोकेशन खंगाली जाए तो इन आरोपों की पुष्टि हो जाएगी।
उधर, फार्म हाउस में रहने संबंधी बयान पर वाहवाला थाना प्रभारी हरविंदर सिंह चमेली ने कहा कि जाखड़ साबित कर दें कि उनकी रिहाइश उस फार्म हाउस में है तो वह नौकरी छोड देंगे और अगर साबित न कर पाए तो जाखड़ राजनीति छोड दें ।
जाखड़ ने अबोहर की वारदात के लिए उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल और शराब कारोबारी शिव लाल डोडा को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि अकालियों के राज में आईएस जैसी निर्मम वारदात अंजाम दी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस फार्म हाउस मालिकों को बचाने के लिए दिन रात एक किए हुए है।