बठिंडा से सूरतगढ़ राजस्थान जा रही पैसेंजर ट्रेन के यात्रियों में शुक्रवार को दोपहर ढाई बजे उस समय दहशत का माहौल पैदा हो गया, जब उनको गाड़ी के इंजन में आग लगने का पता चला।
इससे पहले कि उक्त गाड़ी किसी बडे़ हादसे का शिकार होती फाटक के पास अपने नए घर की दीवारों पर पानी छिड़क रहे पूर्व गेट मैन ने पाइप से इंजन पर पानी डालकर आग पर काबू पा लिया।
बठिंडा रेलवे स्टेशन से दोपहर 2 बजकर 20 मिनट पर सूरतगढ़ के लिए पैसेंजर गाड़ी रवाना हुई थी। शहर के लाल सिंह बस्ती के पास स्थित रेलवे लाइन पर पहुंचने पर गाड़ी के ड्राइवर राम निवास और यात्रियों को पता चला कि गाड़ी के इंजन में आग लग चुकी है। इसके बाद गाड़ी में भगदड़ मचने लगी।
रेलवे लाइन के पास अपने नए घर की दीवारों पर पाइप से पानी छिड़क रहे रेलवे के पूर्व गेट मैन सोहन सिंह ने तुरंत इंजन पर पाइप से पानी डालना शुरू कर दिया।
गाड़ी के रुकने के बाद उतरे यात्रियों ने भी आग पर काबू पाने के लिए उनकी सहायता करनी शुरू कर दी। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद इंजन को लगी आग पर काबू पाया जा सका।
हादसे की सूचना मिलने पर पहुंचे रेलवे के अधिकारियों ने हादसाग्रस्त इंजन को स्टेशन पर खड़ा कर दिया और पैसेंजर गाड़ी को दूसरा इंजन लगाकर चार बजे के करीब सूरतगढ़ के लिए रवाना किया गया।
स्टेशन मास्टर का कहना था कि इंजन को आग लगने के कारण संबंधी अभी तक कोई पता नही चल पाया।