मंगलवार दोपहर को रामपुरा फूल जीटी रोड पर स्थित रेलवे फाटक के साथ बनी हुई झुग्गियों में अचानक आग लग गई। इससे 40 के करीब झुग्गियां जल कर राख हो गईं।
आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही पलों में झुग्गियों में पड़ा सामान जल गया। हालांकि अग से किसी जानी नुकसान की खबर नहीं है। वहीं घटनास्थल के पास रेलवे लाइन गुजरती है, जिस कारण यदि आग पर समय रहते काबू न पाया जाता तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
रेलवे फाटक के करीब बनी इस बस्ती में 100 के करीब झुग्गियाें में मजदूर रहते हैं। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे अचानक एक झुग्गी में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
इसी दरम्यान घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने फायर ब्रिगेड को फोन कर इस की सूचना दी।
फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक आग ने 40 के करीब झुग्गियों को अपनी लपेट में ले लिया था। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों व ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने झुग्गियों में पड़े सामान को बाहर निकालने और आग के आगे फैलने से रोकने के लिए बेहद प्रयास किए।
ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी मक्खन सिंह तो अपनी जान की परवाह किए बिना ही आग बुझाने में जुटा रहा व अनेक झुग्गियों से सामान निकालने में कामयाब भी रहा। हालांकि बाद में आग की गर्मी व धुएं के कारण वह भी बेहाल होकर गिर पड़ा, जिसको बाद में प्राथमिक चिकित्सा दी गई।
डीएसपी हरिन्द्र सिंह व रामपुरा थाना प्रभारी यूसी चावला ने भी मौके पर मौजूद रहे। थाना प्रभारी यूसी चावला ने बताया कि आग लगने के कारणों को फिलहाल कोई पता नहीं चला है।
उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। वहीं देर सायं शहर की अनेक समाज सेवी संस्थाओं ने बेघर हुए प्रवासी मजदूरों की मदद के लिए कदम बढ़ाते हुए उनके खाने-पीने व रहने आदि का इंतजाम भी किया।