अनुसूचित एवं पिछड़ी जाति वर्ग के साढ़े तीन सौ से ज्यादा विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति न मिलने और फीस जमा करवाने का जमा करवाने का नोटिस जारी करने पर सरकारी राजेंद्रा कॉलेज के छात्रों ने बुधवार को प्रदर्शन किया।
प्रिंसिपल कार्यालय के सामने प्रदर्शन करने के बाद उन्होंने कॉलेज के गेट पर धरना लगाया। इस दौरान कॉलेज के विद्यार्थियों की पुलिस कर्मियों से भी नोकझोंक हो गई। इस दौरान कॉलेज में आए दो बाहरी विद्यार्थियों की भी पुलिस ने पिटाई कर दी।
पंजाब स्टूडेंट यूनियन (शहीद रंधावा) के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह ने बताया कि कॉलेज प्रिंसिपल ने 19 नवंबर को नोटिस जारी किया है कि जिन विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति के लिए अप्लाई नहीं किया है, उन्हें पूरी फीस भरनी पड़ेगी। वे फीस का चालान 23 व 24 फरवरी को हासिल कर 26 फरवरी से पहले फीस जमा करवा देवें।
इसके बाद छात्रों के परीक्षा फार्म यूनिवर्सिटी को भेजे जाएंगे। गुरप्रीत सिंह के अनुसार एससी व बीसी वर्ग के छात्र छात्रवृत्ति नहीं मिलने की वजह से फीस जमा करवाने में असमर्थ हैं। कॉलेज प्रशासन की गलती की वजह से उनके छात्रवृत्ति फार्म शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर शो नहीं हो रहे हैं।
छात्रवृत्ति से वंचित छात्रों ने आवेदन फार्म भरे थे। फिर भी जानबूझ कर साढ़े तीन सौ विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति से वंचित किया जा रहा है। छात्र जगतार सिंह, वकील सिंह, अमरदीप सिंह, मनप्रीत सिंह व अन्य ने बताया कि उन्होंने वेब पोर्टल पर फार्म भरा था। फिर भी छात्रवृत्ति नहीं मिल रही है।
वहीं दूसरी ओर कॉलेज फीस जमा करवाने का नोटिस जारी कर रहा है। छात्रों के अनुसार उन्होंने पिछले वर्ष वेब पोर्टल पर आवेदन फार्म भरा था। तब छात्रवृत्ति मिल गई थी।