दिल्ली दंगा पीड़ितों की तरफ से केस लड़ रहे वकील एचएस फुलका ने कहा कि मौजूदा प्रदेश सरकार दंगे के आरोपियों को बचाने में लगी हुई है।
वह रविवार को एक प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। फुलका ने कहा कि इस मामले पर राजनीति कर केंद्र में मंत्री बनी सांसद हरसिमरत कौर बादल को इस्तीफा देना चाहिए।
फुलका ने कहा कि 30 वर्षों से कांग्रेस व अकाली भाजपा इस मामले पर राजनीति कर सरकारें बनाते रहे हैं लेकिन कभी पीड़ितों को इंसाफ नही दिलाया। फुलका ने कहा कि अब प्रदेश में प्रदेश सरकार श्री गुरू ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने वाले आरोपियों को बचा रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल के इस्तीफे की मांग को लेकर वह दंगा पीड़ितों के साथ 14 नवंबर को फरीदकोट के बरगाड़ी से लेकर बठिंडा स्थित हरसिमरत बादल के कार्यालय तक साइकिल रैली निकालेंगे। हरसिमरत के इस्तीफे की मांग को लेकर साइकिल रैली के बाद भी कई कार्यक्रम करेंगे ।