एक दलित गर्भवती महिला के घर में घुसकर मारपीट करने के आरोप में केस दर्ज करने के बाद कांग्रेसी नेता खुशविंदर सिंह ने कीटनाशक दवा पीकर आत्महत्या का प्रयास किया।
उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज फरीदकोट दाखिल करवाया गया है। कुछ दिन पहले एक दलित गर्भवती महिला के घर में घुसकर कांग्रेसी नेता खुशविंदर सिंह व उसके साथ आए कुछ लोगों ने कथित मारपीट की थी।
इस घटना के विरोध में मजदूर मुक्ति मोर्चा की ओर से गांव में रैली कर इंसाफ की मांग की गई। दलित भाईचारे में रोष बढ़ता देख भीखी पुलिस ने महिला से मारपीट करने के आरोप में गगनदीप सिंह, जसविंदर कौर, खुशविंदर सिंह, जगदीप सिंह, जसवीर कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
इसके बाद कांग्रेसी नेता खुशविंदर सिंह उर्फ काका सिंह जो कि अपनी बहन के पास गांव दयालपुरा गया हुआ था, वहां उसने एक सुसाइड नोट लिखने के बाद कीटनाशक दवा पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसे बेहोशी की हालत में फरीदकोट के मेडिकल कालेज में दाखिल करवाया गया।
सुसाइड नोट में खुशविंदर सिंह ने कहा कि उसे पुलिस और कुछ लोगों की ओर से परेशान किया जा रहा है। उनके खिलाफ बनती कार्रवाई की जाए।
थाना भीखी प्रभारी जसवीर सिंह ने खुशविंदर सिंह की ओर से कीटनाशक पीने की पुष्टि की। मजदूर मुक्ति मोर्चा के नेता भगवंत सिंह समाओ ने इसे दलित महिला से मारपीट मामले में पुलिस कार्रवाई को प्रभावित करने व दबाव बनाने के लिए उठाया गया कदम बताया है।