जिले के गांव बलाहड बिंझू में मोटरसाइकिल और एक्टिवा की आमने सामने टक्कर हो गई। इसमें एक्टिवा सवार अमर सिंह की मौके पर मौत हो गई।
हादसे के बाद थाना नेहियांवाला पुलिस ने आरोपी मोटरसाइकिल चालक सोनू निवासी गोनियाना मंडी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक अमर सिंह के भाई हरभगवान सिंह ने बताया कि सोमवार शाम को जब उसका भाई अमर सिंह अपनी स्कूटी पर सवार होकर खेत की ओर जा रहा था तो सामने से तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसे टक्कर मार दी।
इससे उसके भाई अमर सिंह की मौके पर मौत हो गई। थाना नेहियांवाला के हवलदार बलवीर सिंह का कहना है कि आरोपी सोनू के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में आरोपी सोनू को भी चोटें लगी हैं। उसका सिविल अस्पताल गोनियाना मंडी में इलाज चल रहा है। उसको ठीक होने के बाद गिरफ्तार कर लिया जाएगा।