बठिंडा के जस्सीपौवाली चौक पर स्थित केनरा बैंक के एटीएम को लुटेरे सोमवार सुबह 4 बजे के करीब उखाड़ कर ले गए। थाना कोटफत्ता पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस घटना की जांच कर रही है। बठिंडा से तीन किलोमीटर के करीब दूर जस्सीपौवाली चौक पर केनरा बैंक का एटीएम लगा हुआ था। सोमवार की सुबह होने पर वहां से गुजरते लोगों ने एटीएम गायब होने की सूचना तुरंत बैंक अधिकारियों को दी। इस दौरान बैंक अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर थाना कोटफत्ता को सूचित किया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। बैंक मैनेजर नरिंदर कौशिक का कहना था कि एटीएम मशीन में कुल 86 हजार 800 रुपये जमा थे। सुबह 4 बजकर 5 मिनट पर किसी ने एटीएम मशीन से पैसे निकाले हैं। उसके बाद ही चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।