फरीदकोट। स्थानीय डोगर बस्ती के एक घर में बाथरुम के गीजर से गैस का रिसाव होने के कारण एनआरआई परिवार के दो वर्षीय बच्चे की मौत हो गई जबकि उसकी मां को गंभीर अवस्था में लुधियाना के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार अमेरिका में रहने वाले फरीदकोट निवासी प्रीतकमल की पत्नी रविंदर कौर रिंकू और उसका दो साल का बेटा सिमरप्रीत इन दिनों अपने परिवार के पास डोगर बस्ती में आए हुए थे। शुक्रवार देर शाम मां बेटा नहाने गए। जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आए तो परिवार के लोगों के दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इस पर बाथरूम का दरवाजा तोड़ा गया तो वहां रविंदर कौर और सिमरप्रीत बेहोश मिले। परिवार ने दोनों को गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज अस्पताल में भरती करवाया। यहां सिमरप्रीत को मृतक करार दे दिया गया और रविंदर कौर को लुधियाना रेफर कर दिया गया। रविंदर कौर की हालत गंभीर बनी हुई है।